स्वार क्षेत्र के गांव नानकार रानी के मझरा बालानगर में शुक्रवार रात चोरों ने एक ही रात में तीन घरों को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये की चोरी की घटना को अंजाम दिया। वारदात के बाद से गांव में दहशत का माहौल है। जानकारी के अनुसार पहली चोरी गांव निवासी खालिद पुत्र मोहम्मद अहमद के घर हुई। वह दिल्ली में रहकर पीओपी का कार्य करते हैं। चोर फाटक का ताला तोड़कर घर में घुसे और अलमारी से 20 हजार रुपये नकद, करीब 8 तोले सोने के आभूषण तथा चांदी की एक जोड़ी पाजेब चोरी कर ले गए। दूसरी वारदात गांव के ही नक्शे अली पुत्र अहमद शाह के बंद मकान में हुई, जहां से चोरों ने 10 हजार रुपये नकद और लगभग 5 तोले सोने के आभूषण चोरी किए। तीसरी चोरी जाफर अली पुत्र इरशाद हुसैन, पीओपी कारीगर, के घर हुई। चोरों ने यहां से 21 हजार रुपये नकद, करीब 12 तोले सोने तथा लगभग एक किलो चांदी के आभूषण चोरी कर लिए। शनिवार सुबह जब परिजनों ने घरों के ताले टूटे और सामान बिखरा देखा तो गांव में हड़कंप मच गया। एक ही रात में तीन घरों में चोरी की सूचना फैलते ही ग्रामीणों में भय का माहौल बन गया। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, जिनमें कुछ संदिग्ध व्यक्तियों को गली में घूमते हुए देखा गया है। पुलिस का कहना है कि फुटेज के आधार पर जांच की जा रही है। पीड़ितों की ओर से पुलिस को तहरीर दी गई है। ग्रामीणों ने रात्रि गश्त बढ़ाने और चोरी की घटनाओं के शीघ्र खुलासे की मांग की है।