जौहर यूनिवर्सिटी पहुंचे सपा सांसद मोहिबुल्लाह नदवी, प्रवेश न मिलने पर लौटे रामपुर। समाजवादी पार्टी के रामपुर सांसद मौलाना मोहिबुल्लाह नदवी शनिवार को मौलाना मोहम्मद अली जौहर यूनिवर्सिटी पहुंचे, लेकिन उन्हें यूनिवर्सिटी परिसर में प्रवेश नहीं मिल सका। वह करीब आधे घंटे तक मुख्य प्रवेश द्वार पर इंतजार करते रहे। काफी देर तक अंदर जाने की अनुमति नहीं मिलने पर वह वापस लौट गए। सांसद पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत जौहर यूनिवर्सिटी पहुंचे थे। उनके पहुंचने की सूचना मिलने के बाद सुरक्षा कर्मियों और वहां मौजूद जिम्मेदार लोगों के बीच बातचीत हुई, लेकिन किसी कारणवश उन्हें परिसर में प्रवेश की अनुमति नहीं दी गई। इस दौरान सांसद मुख्य गेट पर ही मौजूद रहे और स्थिति स्पष्ट होने का इंतजार करते रहे। करीब 30 मिनट तक इंतजार के बावजूद जब प्रवेश नहीं मिला तो सांसद वहां से लौट गए। उनके वापस जाने के बाद इस घटनाक्रम की चर्चा पूरे जिले में होती रही। मौके पर मौजूद लोगों के बीच भी इसे लेकर तरह-तरह की चर्चाएं होती रहीं।