बछरावां (रायबरेली) । ठकुराइन खेड़ा गांव के पास ग्राम पंचायत की पानी की टंकी पर चौकीदारी करने वाले युवक की धारदार हथियार से हमला कर निर्मम हत्या कर दी गई। सोमवार सुबह टंकी परिसर में खून से लथपथ शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस व फॉरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। ठकुराइन खेड़ा निवासी बिंदा प्रसाद (41) पुत्र रामसजीवन पिछले करीब पांच माह से गांव से लगभग एक किलोमीटर दूर स्थित ग्राम पंचायत की पानी की टंकी पर चौकीदार के रूप में कार्यरत था। परिजनों के मुताबिक वह रोजाना की तरह रविवार शाम घर पर भोजन करने के बाद ड्यूटी के लिए टंकी पर गया था। सोमवार सुबह ग्रामीणों ने टंकी परिसर में उसका खून से लथपथ शव पड़ा देखा। शव पर धारदार हथियार से किए गए हमले के निशान पाए गए। घटना की जानकारी मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे, जहां शव देखकर उनमें कोहराम मच गया। देखते ही देखते बड़ी संख्या में ग्रामीण भी घटनास्थल पर एकत्र हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। बाद में फॉरेंसिक टीम ने मौके से महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। ग्रामीणों के अनुसार बिंदा प्रसाद मिलनसार प्रवृत्ति का व्यक्ति था और उसकी किसी से कोई दुश्मनी भी नहीं थी। ऐसे में हत्या की घटना से गांव के लोग भी हैरान हैं। थाना अध्यक्ष श्याम लाल पाल का कहना है कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। जल्दी घटना का खुलासा किया जाएगा ।