राष्ट्रीय स्तर का मुक्केबाजी मुकाबला शुरू हो चुका है। शहर के रिफॉर्म क्लब मैदान में शनिवार की रात प्रथम श्रीराम कृष्ण कटियार स्मारक एलीट पुरुष-महिला बॉक्सिंग चैंपियनशिप का शुभारंभ मध्य भारत मुक्केबाजी संघ के अध्यक्ष एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री सुशील कटियार ने ध्वजारोहण से किया। प्रतियोगिता में विभिन्न राज्यों के मुक्केबाज आए हुए है। यह प्रतियोगिता चार दिन चलेगी। प्रथम दिवस पांच मुकाबले हुए। भारतीय एमेच्योर मुक्केबाजी महासंघ की ओर से राष्ट्रीय स्तर की इस बॉक्सिंग चैंपियनशिप के संयोजन की जिम्मेदारी मध्य भारत मुक्केबाजी संघ को सौंपी गई है। प्रथम दिवस हुए सभी पांचों मुकाबले काफी रोमांचक रहे। मध्य भारत मुक्केबाजी संघ के कार्यवाहक अध्यक्ष ताबिश काजमी ने बताया कि पहला मुकाबला दिल्ली और हरियाणा प्रांत के मुक्केबाजों के बीच हुआ, जिसमें शुभम (दिल्ली) ने सुखदेव (हरियाणा) को पराजित किया। दूसरे मुकाबले में कृष (हरियाणा) विजेता और अब्दुल नसीफ (अंडमान एंड निकोबार) उपविजेता रहे। तीसरे मुकाबले में दिल्ली से हर्ष ने मध्य प्रदेश के शिवम आँगरे को हराया। चौथे मुकाबले में हर्ष गिल (हरियाणा) विजेता एवं विक्रांत (मध्य प्रदेश) उपविजेता और पांचवें मुकाबले में अब्दुल (अंडमान एंड निकोबार) विजेता एवं विनोद (उत्तर प्रदेश) उपविजेता रहे। उद्घाटन समारोह में मध्य भारत मुक्केबाजी संघ के अध्यक्ष एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री सुशील कटियार ने बताया कि चैंपियनशिप में चयनित खिलाड़ियों को 15 से 30 अगस्त तक चाईना में आयोजित होने वाले ट्रेनिंग कम कंप्टीशन कैंप में प्रतिभाग कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि देश के कोने-कोने में मुक्केबाजी की प्रतिभाएं हैं, जिन्हें आगे लाना है। रायबरेली में इस आयोजन के जरिए मुक्केबाजी को बढ़ावा देने का प्रयास किया जा रहा है। जिले के मुक्केबाजों को भी काफी कुछ सीखने का अवसर मिलेगा। महासचिव मनमोहन डबराल ने बताया कि चैंपियनशिप में महिलाओं के लिए 48, 51, 54, 57, 60, 65, 70, 75, 80 और 80 से अधिक किग्रा. भर वर्ग तो पुरुषों के लिए 50, 55, 60, 65, 70, 75, 80, 85, 90 और 90 से अधिक किग्रा. भार वर्ग में मुकाबले हो रहे हैं।