लालगंज (रायबरेली)। क्षेत्र के बछरावां रोड पर चांदा गांव के पास बुधवार को तेज रफ्तार कार ने बाइक सवार दो अनुदेशकों को टक्कर मार दी। हादसे में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें सीएचसी में भर्ती कराया गया। गेगासों निवासी मुकेश कुमार पांडेय अपने साथी कस्बा निवासी अनुराग सिंह के साथ बाइक से सताव ब्लॉक संसाधन केंद्र जा रहे थे। वहां जनगणना प्रशिक्षण चल रहा था। रास्ते में चांदा गांव के पास पीछे से आ रही तेज रफ्तार कार ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों सड़क पर गिर पड़े। हादसे के बाद मौके पर भीड़ जमा हो गई। राहगीरों ने तुरंत मदद की और घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। जहां डॉक्टरों ने दोनों का प्राथमिक उपचार किया। डॉक्टरों ने मुकेश की हालत गंभीर होने पर उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया। अनुराग को इलाज के बाद घर भेज डिया गया है।