नगर पंचायत महराजगंज में सड़क निर्माण में मनमानी बरतने पर मंगलवार को नागरिकों का गुस्सा फूट पड़ा। नागरिक धरने पर बैठ गए। इस दौरान सभी ने अच्छी बनाओ रोड, नगर पंचायत महराजगंज मुर्दाबाद के नारे लगाए। आरोप लगाया कि अधिकारियों की मनमानी के चलते सड़क मानक के विपरीत बनाई जा रही है। शिकायत के बाद भी मामले में कार्रवाई नहीं की जा रही है। दरअसल, महराजगंज कस्बे के वार्ड नंबर-तीन गांधी नगर में पंडित दीनदयाल योजना के तहत करीब 15 लाख 10 हजार रुपये की लागत से सीसी रोड बनाई गई है। अमित त्रिपाठी की अगुवाई में नागरिक सुबह कस्बे में ही धरने पर बैठ गए। नारेबाजी के साथ प्रदर्शन किया। अमित ने बताया कि कमीशनबाजी के चक्कर में सड़क गुणवत्ताविहीन और मानकों के विपरीत बनाई गई है। नगर पंचायत अध्यक्ष ने भी ध्यान नहीं दिया है। कस्बे में रहने वाली शांति, मनोज, सचिन त्रिपाठी,सोनू, पूनम,आरती, मिथिलेश ने बताया कि उपजिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर सड़क निर्माण में घटिया सामग्री का प्रयोग किए जाने की शिकायत की गई है। बावजूद इसके अब तक कोई कार्रवाई नहीं की गई है। जिस तरह सड़क बनाई गई है, वह पहली बारिश में ही उखड़ जाएगी। नागरिकों का आरोप है कि ठेकेदार अधिकारियों का खास है। इसी वजह से उसके खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की गई।