बीएसएफ जवान दुर्गेश कुमार के माता-पिता से बुधवार रात बाइक सवार बदमाशों ने तमंचे के बल पर 5.35 लाख की लूट को अंजाम दिया। इसमें 35 हजार की नकदी और करीब पांच लाख कीमत के जेवरात शामिल हैं। विरोध करने पर जान से मारने की धमकी दी। जवान की मां गांव स्थित स्कूल में शिक्षामित्र के पद पर भी तैनात हैं। वारदात की सूचना पर एसपी रवि कुमार ने मौके पर पहुंचकर घटना की जांच की। साथ ही बदमाशों की धरपकड़ के निर्देश दिए। मामले में प्राथमिकी दर्ज की गई है। वारदात से क्षेत्रीय लोगों में दहशत है। दूलमपुर मजरे कुंदनगंज गांव निवासी संतराम अपनी पत्नी शंभू देवी और पांच वर्षीय ध्रुव नाती के साथ रात सात बजे महराजगंज इलाके के घुरौना गांव बाइक से निमंत्रण जा रहे थे। करनपुर गांव के पास पहुंचे ही थे कि बाइक सवार दो बदमाशों ने उन्हें जबरन रोक लिया। दंपती ने विरोध किया तो बदमाशों ने कनपटी पर तमंचा लगा दिया। इसके बाद बदमाशों ने संतराम की पत्नी के गले की चेन समेत पांच लाख के जेवर उतरवा लिए। साथ ही 35 हजार रुपये की नकदी छीन ली। कहीं शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी दी। इससे पहले कि शोरगुल पर आसपास के लोग पहुंचते, बदमाश अंधेरे का फायदा उठाते हुए बाइक से भाग निकले। पीड़िता शिक्षामित्र शंभू देवी के मुताबिक, सूचना के बाद भी करीब एक घंटे बाद बछरावां कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। उनका बेटा दुर्गेश बीएसएफ जवान है। इस समय उसकी तैनाती बहराइच में है। एसपी समेत अन्य पुलिस अफसरों ने मौके पर पहुंचकर दंपती के बयान दर्ज किए। सीओ प्रदीप कुमार ने बताया कि मामले में पीड़ित संतराम की तहरीर पर लूट की एफआईआर दर्ज की गई है। एसओजी समेत चार पुलिस टीमें खुलासे के लिए लगाई गई हैं। जल्द लूट की वारदात का पर्दाफाश किया जाएगा।