रेलवे महकमे में कर्मचारियों के तबादलों में मनमाना रवैया अपनाए जाने से आक्रोश है। इस पर नार्दन रेलवे मेंस यूनियन (एनआरएमयू) ने नाराजगी जताई है। उच्चाधिकारियों के स्तर पर बातचीत के बाद भी कोई हल नहीं निकला तो आंदोलन की रणनीति बनी। मंडल स्तर पर हुए यूनियन ने फैसले पर अमल करते हुए बृहस्पतिवार को मई दिवस पर जोरदार प्रदर्शन किया गया। यूनियन पदाधिकारियों के साथ कर्मचारियों ने शहर के रेलवे स्टेशन पर नारेबाजी करते हुए पैदल मार्च किया। रेलवे के मंडलीय अधिकारियों के खिलाफ नारेबाजी की। एनआरएमयू ने पहले तो यूनियन भवन में मई दिवस मनाया, फिर नारेबाजी करते हुए स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर एक पर पहुंचे। पूरे प्लेटफार्म में पैदल मार्च करते हुए जमकर नारेबाजी की। मंडल रेल प्रबंधक समेत कई मंडलीय अधिकारियों के खिलाफ नारे लगाए। प्रदर्शन का मुख्य मुद्दा मनमाने तरीके से हुए स्थानांतरण रहा। इसके अलावा कई लंबित मांगें भी उठाई गईं। यूनियन के शाखा अध्यक्ष राकेश तिवारी और शाखा मंत्री शील कुमार सिंह ने कहा कि कर्मचारियों की तमाम मांगें लंबित हैं। मंडलीय अधिकारी लगातार कर्मचारियों का मनमाने तरीके से स्थानांतरण कर रहे हैं। इस बाबत ऐतराज भी जताया गया, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हो रही है। देव कुमार, राजू श्रीवास्तव और अल्ताफ अहमद ने कहा कि कर्मचारियों का किसी भी स्तर पर उत्पीड़न नहीं होने दिया जाएगा। जिस तरह मनमाने तरीके से स्थानांतरण किए जा रहे हैं, वह कतई उचित नहीं है। कर्मचारियों की मांगों को भी अनदेखा किया जा रहा है। इसीलिए ज्यादातर मांगें लंबित हैं। राज कुमार, बृजेश यादव और दिलीप चंद्रा ने कहा कि यूनियन जब भी आह्वान करेगा, प्रत्येक कर्मचारी पूरी ताकत के साथ हर आंदोलन में भाग लेगा। सभी कर्मचारी एकजुटता बनाए रखें। सभी समस्याओं को दूर कराया जाएगा। इस मौके पर राहुल यादव, राजीव कुमार यादव, भानु प्रताप सिंह, फूलचंद्र, जगदेई, उमाकांती आदि मौजूद रहीं।