रायबरेली के लालगंज क्षेत्र के उत्तरा गौरी गांव की 87 वर्षीय सरला सिंह को कागजों में मृत दिखाकर उनकी वृद्धास्था पेंशन रोक दी गई। आरोप है कि पंचायत सचिव ने रिकॉर्ड में उन्हें मृत घोषित कर दिया। इसके बाद अप्रैल माह के बाद से उनके खाते में पेंशन आनी बंद हो गई। परिजनों के मुताबिक सरला सिंह जब हाल ही में बैंक पहुंचीं तो कर्मचारियों ने बताया कि उनके खाते में किसी भी माह की पेंशन नहीं आई है। जांच करने पर पता चला कि अधिकारी उनकी मृत्यु दर्शाकर पेंशन बंद कर चुके हैं। सरला सिंह ने कहा कि मिलने वाली पेंशन से दवाइयों और दैनिक जरूरतों में काफी सहूलियत मिलती थी लेकिन अब पेंशन बंद होने से परेशानी बढ़ गई है। उन्होंने मुख्यमंत्री पोर्टल पर शिकायत दर्ज कर संबंधित अधिकारियों व कर्मचारियों पर कार्रवाई की मांग की है। इस संबंध में खंड विकास अधिकारी के सीयूजी नंबर पर संपर्क करने का प्रयास किया गया लेकिन फोन नहीं लग सका।