इंटरनेशनल टेनिस फेडरेशन (आईटीएफ) के संयोजन में आयोजित मास्टर्स टेनिस टूर्नामेंट में तीसरे दिन सभी मैच काफी रोमांचक रहे, जिन्हें देखने के लिए काफी संख्या में खेल प्रेमी पहुंचे। वरिष्ठ खिलाड़ियों की खेल तकनीकी को देखने और बारीकियों को सीखने के लिए युवा खिलाड़ियों में उत्साह भी नजर आया। जिले के वरिष्ठ खिलाड़ी मो. अयाज ने युगल और एकल में जबरदस्त खेल का प्रदर्शन करते हुए सफलता अर्जित की। मो. अयाज का एकल वर्ग का सेमीफाइनल मुकाबला बेल्जियम के टॉप खिलाड़ी विस ब्री सैंड्रो से हुआ। मो. अयाज ने बेल्जियम के खिलाड़ी को 6-1 एवं 6-4 से शिकस्त देकर फाइनल में प्रवेश किया। अब अयाज का मुकाबला फाइनल में राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी पवन जैन (दिल्ली) से होगा।