रायबरेली में मिल एरिया थाना क्षेत्र के रतापुर में लालजी सोनकर की एक माह पूर्व मौत हो गई थी। मामले में लखनऊ के निजी अस्पताल में चिकित्सकों की लापरवाही की बात सामने आई थी। इसी मामले में बृहस्पतिवार को मछली शहर से सपा विधायक डॉ रागिनी सोनकर ने परिवार के सदस्यों से मुलाकात की। उन्होंने लखनऊ के सत्यार्थ अस्पताल में हुई लाल जी की मौत के मामले की जानकारी ली। सांसद ने लखनऊ की मुख्य चिकित्सा अधिकारी से फोन पर बात कर पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने का भरोसा दिलाया। पीड़ित परिवार ने विधायक को बताया कि लाल जी की मौत डॉक्टरों की लापरवाही से हुई। एक माह पहले हाथ टूटने के इलाज के लिए उन्हें लखनऊ के निजी अस्पताल ले जाया गया था। डॉक्टरों की लापरवाही से बेहोशी की अधिक मात्रा दिए जाने के कारण उनकी मृत्यु हो गई। परिवार ने लखनऊ के जिलाधिकारी और पुलिस आयुक्त से शिकायत की थी। हालांकि, अस्पताल प्रशासन या लापरवाह डॉक्टर के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं हुई। मृतक के छोटे भाई राहुल सोनकर ने आरोपी डॉक्टर पर मुकदमा दर्ज करने की मांग की है। सपा विधायक डॉ रागिनी सोनकर ने पीड़ित परिवार को आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि यदि लापरवाह डॉक्टर पर प्राथिमिकी दर्ज नहीं हुई तो बड़ा आंदोलन होगा। यह मामला विधानसभा में उठाया जाएगा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से भी वार्ता कर परिवार को न्याय और मुआवजा दिलाया जाएगा। भाजपा सांसद कंगना रनौत के जेन जी पर दिए गए बयान पर विधायक ने कहा कि सांसद को शर्म आनी चाहिए, जो इस तरह के बयान दे रही हैं। अयोध्या मामले में कहा कि भाजपा के लोगों ने चंदाचोरी कराई है। भाजपा वाले ही चंदा चोरी कराते हैं। इस मौके पर नगर पालिका अध्यक्ष शत्रोहन सोनकर, राहुल सोनकर, मनीष सोनकर, श्यामजी सोनकर, कपिल सोनकर, सऊद खान, विकास श्रीवास्तव, सरोज सोनकर, अशोक सोनकर, सचिन सोनकर, बल्लू सोनकर मौजूद रहे।