यूपी के रायबरेली में शनिवार की आधी रात करीब 12 बजे कबाड़ के गोदाम में आग लग गई। कुछ ही पलों में आग ने विकराल रूप ले लिया। गोदाम से उठता धुआं और लपटें देख आसपास के लोगों में दहशत फैल गई। लोग घरों से बाहर निकल आए। सूचना पर सीआईएसएफ की फायर यूनिट मौके पर पहुंची। घटना ऊंचाहार कोतवाली क्षेत्र के एनटीपीसी गेट नबंर-2 के निकट ऊंचाहार-सलोन मार्ग पर पूरे अम्लिहा गांव के पास बने गोदाम में हुई। सूचना पर पहुंची सीआईएसएफ की फायर यूनिट की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आग से पांच लाख के नुकसान की आशंका जताई जा रही है। स्थानीय लोग बरात की आतिशबाजी से आग लगने की बात कह रहे हैं।