रायबरेली में हरचंदपुर थाना इलाके के महाराजगंज मोड़ के पास शुक्रवार को एक स्कूली वैन पलट गई। हादसे में सनशाइन पब्लिक स्कूल के लगभग 11 बच्चे घायल हो गए। वैन में कुल 20 बच्चे सवार थे। इनमें से लगभग 11 बच्चों को जिला अस्पताल भेजा गया है। यह वैन महाराजगंज की तरफ से आकर हरचंदपुर स्थित स्कूल की ओर जा रही थी। उसी दौरान अचानक वैन फिसल होकर खाई में पलट गई। सूचना पर सीओ प्रदीप कुमार तुरंत मौके पर पहुंचे। उन्होंने स्थानीय लोगों की मदद से घायल बच्चों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में डॉक्टरों ने 10 बच्चों को जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया।