रायबरेली में शारदीय नवरात्र को लेकर श्रद्धालुओं में काफी उत्साह दिख रहा है। पहले दिन सोमवार को भक्तों ने मां शैलपुत्री की पूजा-अर्चना किया। घर-घर में लोगों ने कलश की स्थापना के साथ ही विधि विधान से पूजन किया। वहीं मंदिरों में सुबह से ही भक्तों की लंबी कतारें लगी रहीं। इसी कड़ी में परशदेपुर कस्बा के माता मिढुरिन देवी धाम में सुबह से ही भक्तों की लंबी कतारें लगी रहीं। चंहुओर मां के जयकारो की गूंज रही। यहां मेले का भी आयोजन हुआ। मेले में लोगों ने खरीदारी की तो बच्चों ने झूले का आनंद लिया। क्षेत्र में जगह-जगह सजाये गए पूजा पंडालों में मां दुर्गा की प्रतिमाओं की मंत्रोचारण के साथ स्थापना की गई। माता मिढुरिन देवी धाम के पुजारी भोलानाथ तिवारी ने बताया कि नवरात्र के पहले दिन मां शैलपुत्री की पूजा की गई। सुबह से ही भक्त मां के दर्शन के लिए लाइन में लगे रहे। मंदिर प्रबन्ध समिति के श्रीकांत त्रिवेदी ने बताया कि श्रद्धालुओं को कोई असुविधा न हो इसका विशेष ध्यान रखा जा रहा है।