यूपी के रायबरेली में बृहस्पतिवार की रात डीह-रायबरेली मार्ग पर कंटेनर ने साइकिल सवार को टक्कर मार दी। इससे उसकी मौत हो गई। लोगों ने देखा तो कंटेनर का पीछा किया। इस पर आरोपी चालक ने भागने के चक्कर में पहले एक तांगा फिर मारुती वैन और बोलेरो में टक्कर मारी। इसके बाद दिल्ली जा रही एक बस में टक्कर मारते हुए पेड़ की डाल में फंस गया। हादसे में तांगा चालक और वैन सवार तीन लोगों के साथ बोलेरो सवार दो लोग घायल हो गए। लोगों ने चालक को पकड़कर जमकर धुनाई कर दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने उसले बचाया और अस्पताल पहुंचाया। उधर, मृतक साइकिल सवार के बेटे की तहरीर पर केस दर्ज किया गया है। बताया गया कि डीह क्षेत्र के पूरे ऊच मजरे आटी निवासी संदीप कुमार कंटेनर चलाता है। बृहस्पतिवार रात वह उन्नाव से गारमेंट्स का सामान लादकर पश्चिम बंगाल जा रहा था। रास्ते में अपने गांव में रुका था। शाम करीब 6 बजे पश्चिम बंगाल जाने के लिए निकला। अवधगंज के पास साइकिल से घर लौट रहे बाबूलाल को टक्कर मार दी। इससे उनकी मौत हो गई। आसपास के लोगों ने रोकने का प्रयास किया तो उसने गाड़ी और भगा दी। इससे गाड़ी अनियंत्रित हो गई। तांगा, वैन, बोलेरो और बस को टक्कर मारते हुए पेड़ की डाल में जाकर फंस गया। इससे गाड़ी रुक गई। हादसे में जरौला निवासी तांगा चालक रामकिशोर, वैन सवार मखदूमपुर गदागंज निवासी शिव प्रसाद की पत्नी रेनू, उनकी बेटी किरन व बाग मजरे कजियाना निवासी मुकेश कुमार घायल हो गए। बोलेरो हाजीपुर निवासी संदीप कुमार व अंतिमा भी घायल हैं। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटना की जानकारी ली। घायलों को अस्पताल भेजा। मृतक के बेटे सतीश की तहरीर पर कंटेनर चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। प्रभारी निरीक्षक जितेंद्र मोहन सरोज ने बताया कि मामला दर्ज करके आगे की कार्रवाई की जा रही है।