यूपी के रायबरेली में छतोह ब्लॉक के मेंहदीगंज बाजार में जनसमस्याओं को लेकर भारतीय किसान यूनियन (टिकैत गुट) का धरना दूसरे दिन शनिवार को भी जारी रहा। किसानों नेताओं ने कहा कि जब तक सभी समस्याओं का समाधान नहीं होगा, तब तक धरना समाप्त नहीं किया जाएगा। उपजिलाधिकारी चंद्र प्रकाश गौतम धरना स्थल पहुंचे और उनकी समस्याओं को सुना। इस दौरान उन्होंने संगठन के पदाधिकारियों से कहा कि किसी भी व्यक्ति की निजी समस्या को धरने में शामिल न करें। निजी समस्याओं के समाधान के लिए प्रार्थनापत्र दें। इसका जल्द निस्तारण किया जाएगा। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जो भी सामूहिक और सार्वजनिक समस्याएं होंगी। उनका निराकरण कराने का प्रयास किया जाएगा। एसडीएम ने किसानों से धरना समाप्त करने की अपील की, लेकिन किसानों नेताओं ने उनकी बात मानने से इंकार कर दिया। कहा कि समाधान होने तक धरना जारी रहेगा। धरने में शामिल ब्लाक अध्यक्ष मुइनुद्दीन ने कहा कि किसानों की मांगें जनहित से जुड़ी हैं। प्रशासन की ओर से इसकी अनदेखी की जा रही है। इस मौके पर किसान नेता केदारनाथ, श्याम सुंदर, चंद्रभान सिंह, मैकू, तारावती, सुशील कुमार व शिवबहादुर सिंह मौजूद रहे।