यूपी के रायबरेली में ऊंचाहार के पूरे चूर गांव के पास बृहस्पतिवार को होरैसा माइनर की पटरी कट गई। इससे नहर का पानी नाले के रास्ते गंगा नदी में जाने लगा। किसानों ने सिंचाई विभाग को सूचना दी, लेकिन कोई नहीं आया। शुक्रवार को सिंचाई विभाग मौके पर पहुंचा और नहर की पटरी में मिट्टी भराई। डलमऊ पंप कैनाल के कंदरावा रजबहा से होरैसा माइनर निकली है। इससे होरैसा, सरांय भान, खरौली, गंगौली व कंदरावां ग्राम पंचायत के किसान फसल सिंचाई करते हैं। हाल ही में नहर की सफाई हुई है। लेकिन, ठेकेदार ने पटरी पर मिट्टी डालने की जरूरत नहीं समझी। बुधवार को नहर में पानी छोड़ा गया तो नहर की पटरी कट गई। इससे पानी नाले में जाने लगा और किसानों के खेत तक पानी नहीं पहुंच पाया। जानकारी हुई तो गांव के लोगों ने सिंचाई विभाग को जानकारी दी। शुक्रवार को सिंचाई विभाग के मेट राम नारायण मौके पर पहुंचे, बोरियों में मिट्टी भराकर पटरी की मरम्मत कराई। इसके बाद नहर का पानी आगे बढ़ा। जेई प्रवीण पाण्डेय ने बताया कि पटरी की मरम्मत करा दी गई है। किसानों का कोई नुकसान नहीं हुआ है।