एनटीपीसी परियोजना में कार्यरत श्रमिकों ने सोमवार को तहसील परिसर में प्रदर्शन किया। परियोजना प्रबंधन व ठेकदारों पर अवैध वसूली करने का आरोप लगाते हुए नारेबाजी की। साथ ही समस्या का निदान कराने के लिए तहसीलदार को ज्ञापन भी सौंपा। परियोजना में क्षेत्र के लगभग 5 हजार श्रमिक ठेकदारों के माध्यम से मजदूरी करते हैं। सोमवार को एनटीपीसी संविदा मजदूर संघ ऊंचाहार के अध्यक्ष कमलाकांत पांडेय की अगुवाई में पवन मिश्रा, आशीष पांडेय, अनूप कुमार, सुशील कुमार, द्वारिका, गुड्डू, संतराम, वीरेंद्र, पंकज, राम निहोरे, बृजेश मौर्य सहित लगभग 60 मजदूर तहसील पहुंचे और प्रदर्शन शुरू कर दिया। तहसीलदार आकांक्षा दीक्षित श्रमिकों से बात करने पहुंची तो श्रमिकों ने उनसे आपबीती बताई। कहा मजदूरी का पैसा श्रमिकों के खाते में आता है लेकिन ठेकेदार आधा पैसा वापस करा लेते हैं। वापस न करने पर गेट पास लेकर काम से हटा दिया जाता है। श्रमिकों ने तहसीलदार को एसडीएम को संबोधित चार सूत्रीय मांगों का ज्ञापन सौंपा। जिसमें कोषाध्यक्ष को धमकी देने वाले ठेकेदार की गिरफ्तारी करने, वसूली करने वाले ठेकदारों को काली सूची में डालने व परियोजना प्रबंधन को जवाबदेह बनाने, ठेकेदारों के चरित्र प्रमाण-पत्र की सही जांच कराने व राज्य कर्मचारी बीमा निगम की उप इकाई एनटीपीसी में स्थापित कर निगम के चिकित्सालय को परियोजना के चिकित्सालय से संबद्ध करने की मांग की। एसडीएम सिद्धार्थ चौधरी ने बताया कि मामले की जांच कराई जाएगी।