रायबरेली की लालगंज कोतवाली क्षेत्र के पूरे दिरगज मजरे लालूमऊ गांव के निकट मंगलवार की सुबह युवक का शव लोन नदी के किनारे उतराता मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस और फोरेंसिक टीम ने शव को नदी से बाहर निकालकर जांच शुरू कर दी है। मृतक के परिजनों ने युवक की हत्या कर शव को नदी में फेंके जाने का आरोप लगाया है। सरेला गांव निवासी बबलू रैदास (35) पुत्र हरिशंकर सोमवार की सुबह घर से पड़ोसी गांव के ही एक व्यक्ति के खेत में पानी लगाने की बात कह कर घर से निकाला था। दोपहर के बाद उसका फोन बंद आने लगा तो परिजनों ने उसकी खोजबीन शुरू की लेकिन देर शाम तक उसका पता नहीं लग सका। सोमवार की शाम को उसके भाई दीपक उर्फ दीपू ने पुलिस को गुमशुदगी की तहरीर थी। परिजनों ने बताया कि देर रात तक उसकी खोजबीन की गई लेकिन बबलू नहीं मिला। मंगलवार की सुबह ग्रामीणों के खोजबीन करने पर पूरे दिरगज गांव के निकट लोन नदी के किनारे पानी में उसका शव उतराता मिला। शव को पतावर से ढका गया था। परिजनों ने युवक की हत्या कर शव को नदी में फेंके जाने की आशंका जताई। घटना की सूचना पर पहुंची टीम व पुलिस में जरूरी साक्ष्य संकलित किये है।