रायबरेली के गदागंज के दीनशाह गौरा क्षेत्र के साधन सहकारी समिति सुटठा पश्चिम में मंगलवार को सुबह से लेकर शाम तक खाद के लिए मारामारी रही। छोटे किसानों ने आरोप लगाया कि सचिव ने चहेते व बड़े किसानों को खाद वितरित की है। जिससे उन्हें डीएपी नहीं मिल सकी जबकि वह लोग एक दिन पूर्व से आधार कार्ड जमा कर चुके हैं। वहीं, खाद केंद्र पर भीड़ अत्यधिक होने के कारण पुलिस की निगरानी में डीएपी खाद का वितरण किया गया। इस संबंध में एडीओ कोऑपरेटिव आमोद आनंद से पूछे जाने पर बताया गया कि सभी सचिवों को निर्देशित किया गया है कि हर पात्र किसान को खाद दी जाए।