रायबरेली शहर पुलिस ने सोमवार को पतंग की दुकानों पर छापा मारकर चाइनीज मांझा की बिक्री कर रहे छह दुकानदारों को दबोच लिया। दुकानों से करीब 30 किलो चाइनीज मांझा बरामद हुआ। दरअसल, शाहजहांपुर में मांझे से गला कटकर सिपाही की मौत के बाद एसपी डॉ. यशवीर सिंह ने चाइनीज मांझा की बिक्री करने वाले दुकानदारों के खिलाफ कार्रवाई करने के निर्देश दिए थे। सीओ सदर अमित सिंह के मुताबिक जहानाबाद चौकी प्रभारी पुनीत मलिक की अगुवाई टीम गठित करके पतंग की दुकानों पर छापामारी कराई गई। इस दौरान शहर क्षेत्र के खाली सहाट गांव निवासी मो. नदीम, कैपरगंज इकबाल होटल के बगल निवासी शीबू अंसारी, सब्जी मंडी ताड़तल्ला निवासी रियाजुल हसन, इमरान खान, मोनू खान और शाहनवाज खान को पकड़ा गया। इन सभी के पास से चाइनीज मांझा बरामद हुआ। सीओ के मुताबिक सामान्य मांझा की आड़ में दुकानदार चाइनीज मांझा की बिक्री कर रहे थे। एक चकरी चाइनीज मांझा की खरीददारी 200 रुपये में करके दुकानदार 800 रुपये में बिक्री करते हैं। सभी दुकानदारों का धारा-151 में चालान किया गया है।