भारतीय किसान यूनियन द्वारा किसानों की समस्याओं खाद, बीज, बिजली, पानी, सड़क व राजस्व को लेकर ब्लाक परिसर में दिये जा रहे धरना में मंगलवार को यूनियन के बड़े नेता पहुंचे। इस दौरान धरने पर बैठे बीमार किसानों का हालचाल लिया गया। बाद में जिलाधिकारी को संबोधित ज्ञापन एडीओ पंचायत को दिया गया। मंगलवार दोपहर को भाकियू के जिलाध्यक्ष सर्वेश कुमार वर्मा, जिला महासचिव योगेंद्र सिंह, जिला उपाध्यक्ष राम सजीवन विश्वकर्मा व जागेश्वर साई के साथ ब्लाक अध्यक्ष हरचंदपुर प्रकाश सिंह, शिव गढ़ पूर्ण मासी साहू ब्लाक परिसर खीरों पहुंचे। जहां उन्होंने धरने के दौरान बीमार हुए किसानों के हालचाल लेने के साथ ही उनकी समस्याओं की जानकारी ली साथ ही राजस्व, पुलिस, नहर, विद्युत तथा विकास विभाग के अधिकारियों द्वारा किसानों की समस्याओं को नजरंदाज करने पर आक्रोश प्रकट किया। इस दौरान जिलाध्यक्ष ने जिलाधिकारी के नाम से एक ज्ञापन खंड विकास अधिकारी डॉ. अंजू रानी वर्मा की अनुपस्थिति में एडीओ पंचायत अनिल कुमार वर्मा को दिया जिसमें उन्होंने किसानों की समस्या के शीघ्र निस्तारण के लिए संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देशित करने की मांग की। वहीं, शीघ्र समस्याओं का निस्तारण नहीं होने परखंड विकास अधिकारी का घेराव करने की चेतावनी दी।