एक जुलाई को पीलीभीत जिले के अधिकांश स्कूलों में बच्चों के चहकने की आवाजें गूंजी। वहीं विलय वाले स्कूल उदास दिखे। ब्लॉक अमरिया, बरखेड़ा, बिलसंडा के विलय वाले स्कूलों की पड़ताल में सामने आया कि अभिभावकों ने गांव से एक से दो किमी दूर बच्चों को भेजने से इनकार किया है। मंगलवार सुबह 8:30 बजे अमरिया ब्लॉक क्षेत्र के प्राथमिक विद्यालय मुडलिया इलाही बख्श का माहौल काफी शांत दिखा। इस स्कूल को चठिया नियाज अहमद में सम्मिलित किया गया है। स्कूल में 16 बच्चे पंजीकृत हैं। एक शिक्षिका की तैनाती है। स्कूल में मौजूद शिक्षिका ने बताया कि बच्चों और अभिभावकों को सूचना देने आए हैं। कहा कि बच्चों को स्कूल लाने के लिए काफी मेहनत करती थीं। अब बच्चों का यहां से करीब दो किमी दूर जाना मुश्किल लग रहा है।