पीलीभीत के थाना दियोरिया कला क्षेत्र में रामनगर से जरा कोठी जाने वाला मार्ग नहर पटरी कटने से पानी के तेज बहाव से कट गया। पानी करीब 10 फुट दायरे में सड़क को काटकर तेज गति से बह रहा है। मंगलवार को इसका पता चला तो ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। एसडीएम बीसलपुर और अन्य अफसर मौके पर पहुंचे। रामनगर से जराकोठी जाने वाली सड़क पीलीभीत-पूरनपुर मार्ग से जुड़ी है। इस सड़क करीब 20 गांवों के ग्रामीण और अन्य राहगीरों का आवागमन रहता है। अधिकांश लोग इसका शॉर्टकट के रूप में प्रयोग करते हैं। गांव रामनगर के पास सड़क के करीब से ही शारदा सागर खंड से निकली निगोही नहर बहती है। बारिश की वजह से नहर में पानी का दबाव बढ़ा है। मंगलवार तड़के नहर की पटरी कट गई। पानी के बहाव से रामनगर-जराकोठी मार्ग भी कट गया। सड़क 10 फुट से अधिक चौड़ाई में कटी है। मार्ग कटने से रामनगर, दियोहना, पैंतबोझी, नऊआ नगला, बढैपुरा कुसुमा, बल्देवपुर, पिपराई, आमडांड पट्टी आदि गांवों के ग्रामीणों का संपर्क कट गया है। एसडीएम नागेंद्र पांडेय, तहसीलदार आशीष गुप्ता, सिंचाई विभाग के एई सियाराम आदि मौके पर पहुंचे हैं। पानी को रोकने का प्रयास किया जा रहा है।