पीलीभीत जिले में जंगल से बाहर हिंसक वन्यजीवों की चहलकदमी जारी है। मंगलवार सुबह अमरिया क्षेत्र के नूरपुर गांव की सीमा में तेंदुआ पहुंच गया। यहां एक फार्म हाउस के निकट चहलकदमी देख किसानों में दहशत फैल गई। जानकारी के बाद क्षेत्रीय वनकर्मियों ने मौके पर पहुंचकर निगरानी शुरू कर दी। तेंदुए की चहलकदमी का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। किसानों का कहना है कि तीन गांव की सीमा में तीन तेंदुओं की लंबे समय से चहलकदमी बनी हुई है। आए दिन तेंदुए खेतों के अलावा आबादी क्षेत्र में घूमते देखे जाते हैं। इससे हर समय खतरा बना रहता है। सूचना के बाद वन विभाग की टीम निगरानी कार्य तक सीमित रहती है। किसानों ने तेंदुओं को पकड़ने की मांग उठाई है।