पीलीभीत के विकास भवन में कंसल्टिंग इंजीनियर अमित कुमार की पिटाई कर दी गई। उन्होंने डीपीआरओ और एक क्लर्क पर आरोप लगाया है। पिटाई से अमित का सिर फूट गया। बरखेड़ा ब्लॉक के गांव रम्पुरा नत्थू में तैनात कंसल्टिंग इंजीनियर अमित कुमार बुधवार को गांव की किसी बात को लेकर विकास भवन पहुंचे थे। उन्होंने बताया कि वह डीपीआरओ सतीश कुमार के चैंबर में गए थे। वहां पर बाबू संजय सिंह तोमर भी बैठे हुए थे। जब उन्होंने अपनी बात को रखा तो वे दोनों उग्र हो गए और उनकी पिटाई कर दी। इतना ही नहीं बाहर आने पर डस्टबिन और हेलमेट से प्रहार कर उनका सिर फोड़ दिया। मामले की जानकारी पर सीओ सिटी सहित अन्य लोग भी पहुंच गए। पुलिस ने घायल से घटना की जानकारी ली। उनको मेडिकल के लिए भेजा। सिटी मजिस्ट्रेट सुनील कुमार सिंह ने बताया मामले की टीम बनाकर जांच कराई जाएगी।