प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को पीलीभीत रेलवे स्टेशन पर विभिन्न विकास कार्यों का वर्चुअली शिलान्यास किया। अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत रेलवे स्टेशन पर 16.7 करोड़ रुपये की लागत से विभिन्न कार्य कराए जाएंगे। स्टेशन पर आयोजित शिलान्यास कार्यक्रम में सांसद वरुण गांधी समेत भाजपा जिलाध्यक्ष संजीव प्रताप सिंह, पालिकाध्यक्ष डॉ. आस्था अग्रवाल, पूर्व विधायक किशनलाल राजपूत व रेलवे के अधिकारी मौजूद रहे। इस मौके पर सांसद वरुण गांधी ने प्रधानमंत्री मोदी की तारीफ करते हुए पीलीभीत स्टेशन पर विकास कार्यों के शिलान्यास के लिए आभार जताया। कहा कि जिले के लिए मजबूत उपलब्धि है। उन्होंने कहा कि हमारा देश तेजी से तरक्की कर रहा है। पूरी दुनिया में अपनी छाप छोड़ रहा है। हमारे देश में मेहनत, हिम्मत और प्रतिभा की कमी नहीं है।