पीलीभीत के बरखेड़ा थाना क्षेत्र के गांव पिपरा खास के खेत में मंगलवार सुबह एक तेंदुआ घायल अवस्था में पड़ा मिला। इसका पता चलते ही ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलने के दो घंटे बाद वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। तेंदुए को वन विभाग के कार्यालय लाया गया, जहां उसकी मौत हो गई। सामाजिक वानिकी प्रभाग के प्रभारी डीएफओ रमेश चौहान ने बताया कि तेंदुए के शव को कब्जे में ले लिया गया है। विभागीय अफसरों के निर्देश पर चिकित्सकों की टीम द्वारा पोस्टमार्टम कराया जाएगा।