पीलीभीत के स्प्रिंगडेल कॉलेज में शनिवार को अमर उजाला की ओर से आयोजित अपराजिता कार्यक्रम में सीओ सदर/ आईपीएस नताशा गोयल ने छात्राओं को शिक्षा और खुद की सुरक्षा के प्रति सजग रहने की सीख दी। कहा कि खुद को सक्षम बनाएं। पढ़ लिखकर सफल मुकाम हासिल करें। उन्होंने छात्राओं से सवाल किया कि स्कूल-कॉलेज या कोचिंग के रास्ते में कोई आपत्तिजनक टिप्पणी तो नहीं करता है। अगर किसी तरह से परेशान करता हो तो घबराएं नहीं, उसका विरोध करें। माता-पिता को जानकारी दें। हेल्पलाइन नंबर 1090, डायल 112 या थाने में सूचित करें। समस्या से डरें नहीं, डटकर मुकाबला करें। उन्होंने छात्राओं को साइबर ठगी से बचाव के उपाय भी बताए। सुनगढ़ी थाने की मिशन शक्ति टीम की भाविका सिंह ने छात्राओं को डिजिटल अरेस्ट से बचाव के लिए जानकारी दी। कहा कि किसी से भी अपनी बैंक संबंधी या व्यक्तिगत जानकारी साझा न करें। लुभावने विज्ञापन, लाटरी के लालच और इनाम के झांसे में न आएं। कार्यकम में एसआई शिव कुमार शर्मा, एसआई चंद्रपाल सिंह, हेड कांस्टेबल राजू कुमार, महिला आरक्षी पूनम, हेड कांस्टेबल निर्भय, कांस्टेबल सुमित आदि मौजूद रहे।