पीलीभीत में राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस के अवसर पर सोमवार को जिलाधिकारी ज्ञानेंद्र सिंह ने स्टेडियम रोड स्थित कंपोजिट विद्यालय का निरीक्षण किया। उन्होंने बच्चों को अल्बेंडाजोल की गोली खिलाकर अभियान का शुभारंभ किया। साथ ही बच्चों को कृमि संक्रमण से बचाव के लिए स्वच्छता अपनाने और नियमित रूप से हाथ धोने के लिए प्रेरित किया। जिलाधिकारी ने कहा कि स्वस्थ शरीर ही बेहतर भविष्य की आधारशिला है। बच्चों को कृमि संक्रमण से बचाने के लिए समय-समय पर चलाए जाने वाले ऐसे अभियान महत्वपूर्ण हैं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि अभियान के तहत सभी पात्र बच्चों को अल्बेंडाजोल की गोली खिलाना सुनिश्चित किया जाए, ताकि कोई भी बच्चा दवा लेने से वंचित न रहे। इसके बाद जिलाधिकारी ने विद्यालय परिसर का भ्रमण कर कक्षाओं, शौचालय, पेयजल व्यवस्था और साफ-सफाई का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान शौचालय में गंदगी मिलने पर उन्होंने नाराजगी जताई। उन्होंने तत्काल सफाई कराने के निर्देश दिए। डीएम ने कहा कि विद्यालय में पढ़ने वाले बच्चों के स्वास्थ्य को लेकर किसी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।