केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) की 12वीं कक्षा का परीक्षा परिणाम बुधवार को जारी होते ही पीलीभीत जिले के मेधावियों में खुशी की लहर दौड़ गई। लिटिल एंजेल्स स्कूल की छात्रा वंशिका गुप्ता और बेनहर पब्लिक स्कूल के छात्र रचित चंद्रा 98.2 प्रतिशत अंक प्राप्त कर संयुक्त रूप से जिला टॉपर बने हैं। जिले में सीबीएसई 12वीं परीक्षा के लिए कुल 1760 विद्यार्थी पंजीकृत थे। सात परीक्षा केंद्रों पर आयोजित परीक्षा में 1738 छात्र-छात्राएं शामिल हुए थे। बुधवार को परिणाम जारी होने के बाद स्कूलों और घरों में जश्न का माहौल बन गया। परिणाम में संयुक्त रूप से जिला टॉपर के अलावा बेनहर पब्लिक स्कूल की छात्रा मान्या गंगवार ने 97.8 प्रतिशत अंक प्राप्त कर दूसरा स्थान हासिल किया, जबकि बेनहर पब्लिक स्कूल की छात्रा पावनी सहगल ने 97 प्रतिशत अंक के साथ तीसरा स्थान प्राप्त किया। रिजल्ट घोषित होने के बाद मेधावी छात्र-छात्राएं खुशी से झूम उठे। मेधावियों के स्कूल पहुंचने पर शिक्षकों और साथियों ने उनका स्वागत किया। छात्र-छात्राओं ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर सफलता का जश्न मनाया। स्कूल प्रबंधन और अभिभावकों ने भी मेधावियों की सफलता पर प्रसन्नता जताई।