पीलीभीत जिले में एसआईआर (विशेष गहन पुनरीक्षण) अभियान में उत्कृष्ट कार्य करने वाले बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) को रविवार को विशेष सम्मान दिया गया। रविवार को गांधी प्रेक्षागृह में आयोजित राष्ट्रीय मतदाता दिवस कार्यक्रम के दौरान जिलाधिकारी ज्ञानेंद्र सिंह ने चयनित बीएलओ के लिए जंगल सफारी वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र से एक-एक उत्कृष्ट बीएलओ को सपरिवार बार्डर-2 फिल्म देखने के लिए पीलीभीत के एक सिनेमा हॉल का टिकट प्रदान किया गया। इसके साथ ही उन्हें पीलीभीत टाइगर रिजर्व भ्रमण का अवसर भी दिया गया। सम्मान पाने वालों में जिले की अलग-अलग विधानसभा क्षेत्रों से चार बीएलओ शामिल रहे। प्रशासन की इस पहल को बीएलओ के कार्य के प्रति प्रोत्साहन और प्रेरणा देने वाला कदम माना जा रहा है।