पीलीभीत के गांधी प्रेक्षागृह परिसर में शुक्रवार को भारत-नेपाल मैत्री महोत्सव का शुभारंभ हुआ। इस दो दिवसीय आयोजन में दोनों देशों के कलाकारों ने साझा सांस्कृतिक विरासत के रंग बिखेरे। कवियों ने कविता पाठ किया। लोक गीत, थारू नृत्य और अन्य प्रस्तुतियों पर दर्शक झूम उठे। सांस्कृतिक विरासत और लोक परंपराओं का मंचन किया गया। मैत्री महोत्सव का शुभारंभ जिलाधिकारी ज्ञानेंद्र सिंह, एसपी सुकीर्ति माधव, सीएमओ डॉ. आलोक कुमार, एएसपी विक्रम दहिया, सिटी मजिस्ट्रेट विजयवर्धन तोमर, बीसलपुर विधायक विवेक वर्मा, जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. दलजीत कौर, महोत्सव के नोडल अतुल द्विवेदी ने दीप जलाकर किया। महोत्सव में दोनों देशों की कला व संस्कृति का संगम दिखा। जिलाधिकारी ने कहा कि भारत-नेपाल मैत्री महोत्सव सभ्यता व संस्कृति का संगम है। इससे लोग एक-दूसरे की सभ्यता व संस्कृति से परिचित होंगे। महोत्सव में सरिता तिवारी ने लोकगीत सुनाए।