पीलीभीत में कपड़ा कारोबारी पप्पू गुप्ता हत्याकांड के एक आरोपी से शनिवार सुबह बिलसंडा थाना पुलिस की मुठभेड़ हो गई। पुलिस ने आरोपी लक्की को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। मुठभेड़ के दौरान आरोपी के पैर में गोली लगी, जबकि उसकी फायरिंग में एक सिपाही भी घायल हो गया। पुलिस के अनुसार शनिवार तड़के बिलसंडा क्षेत्र के चटगांव स्थित सुहैला भट्ठा के पास आरोपी लक्की की घेराबंदी की गई। खुद को घिरा देखकर आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली उसके पैर में लगी, जिससे वह घायल होकर गिर पड़ा। आरोपी की गोली से सिपाही सुनील के दाहिने हाथ में भी चोट लगी। दोनों घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बताया गया कि आरोपी लक्की शाहजहांपुर जिले के सदर बाजार क्षेत्र के मोहल्ला तिलहर जेई का निवासी है। वह पप्पू गुप्ता हत्याकांड में शामिल था। गौरतलब है कि शुक्रवार को पुलिस ने इस मामले में साजिश रचने के आरोप में साइकिल कारोबारी पंकज कटियार के ससुर रमेश, साले सीतेश और विमल को गिरफ्तार किया था। तीनों आरोपी शाहजहांपुर जिले के थाना रोजा क्षेत्र के ग्राम मुकरमपुर के रहने वाले हैं। पूछताछ में आरोपियों ने हत्या की साजिश रचने की बात स्वीकार की थी। इसके बाद पुलिस अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी थी।