पीलीभीत के पूरनपुर कोतवाली क्षेत्र में पंजाब और उत्तर प्रदेश पुलिस की संयुक्त टीम ने सोमवार सुबह तीन खालिस्तानी आतंकियों को मुठभेड़ में मार गिराया। मुठभेड़ के बाद एडीजी जोन रमित शर्मा और आईजी रेंज डॉ. राकेश सिंह पीलीभीत पहुंचे। एडीजी रमित शर्मा ने बताया कि पुलिस मुठभेड़ में मारे गए तीन लोगों की पहचान वीरेंद्र सिंह उर्फ रवि (23), गुरविंदर सिंह (25) और जसनप्रीत सिंह उर्फ प्रताप सिंह (18) के रूप में हुई है। इन तीनों के खिलाफ पंजाब में गुरदासपुर की बक्शीवाल पुलिस चौकी पर ग्रेनेड हमले के संबंध में एफआईआर दर्ज है। सूचना मिली थी कि ये तीनों पीलीभीत में हैं। चेकिंग के दौरान पुलिस ने उन्हें घेर लिया। खालिस्तानी आतंकवादियों ने पुलिस पर गोलियां चलाईं और पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की जिसमें तीनों मारे गए। मामले में आगे की जांच जारी है।