पीलीभीत के कोतवाली क्षेत्र स्थित मोहल्ला गुरुकुलपुरम में रविवार रात एक दर्दनाक घटना सामने आई, जहां एक किराये के मकान के बाथरूम से पति-पत्नी के शव बरामद होने से इलाके में सनसनी फैल गई। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि गीजर से गैस रिसाव के कारण दम घुटने से दोनों की मौत हुई।
पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर गहन जांच की और शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। मृतकों की पहचान हरजिंदर सिंह (42) और उनकी पत्नी रेनू सक्सेना (40) के रूप में हुई है। हरजिंदर डीआरडीए में चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी थे और दोनों पति-पत्नी पिछले कुछ समय से गुरुकुलपुरम में किराये के मकान में रह रहे थे।
बताया गया कि रविवार रात दोनों बाथरूम के भीतर मृत पाए गए। दरवाजा अंदर से बंद था। पुलिस के अनुसार, हरजिंदर कपड़े और जूते पहने हुए थे, जबकि रेनू नग्न अवस्था में थीं। बाथरूम में गीजर और गैस सिलेंडर लगे हुए मिले।
घटना का खुलासा तब हुआ जब शाम के समय छत पर कपड़े पड़े देख पड़ोस की एक महिला ने रेनू को फोन किया, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। इसके बाद हरजिंदर के मोबाइल पर भी कॉल किया गया, पर संपर्क नहीं हो सका। अनहोनी की आशंका पर पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची कोतवाली पुलिस ने फॉरेंसिक टीम की मौजूदगी में दरवाजा तोड़ा, जिसके बाद दोनों के शव मिले।
पुलिस ने बताया कि रेनू के बाएं हाथ में फ्रैक्चर था और उस पर प्लास्टर चढ़ा हुआ था। ऐसे में संभावना जताई जा रही है कि हरजिंदर उन्हें नहला रहे थे, तभी गीजर से गैस रिसाव हुआ और दोनों का दम घुट गया। दोनों की शादी करीब पांच साल पहले हुई थी।
सूचना मिलने पर एएसपी विक्रम दहिया और सीओ सिटी दीपक चतुर्वेदी भी घटनास्थल पर पहुंचे। एएसपी विक्रम दहिया ने बताया कि प्रथम दृष्टया मौत का कारण गीजर से गैस रिसाव प्रतीत हो रहा है, लेकिन वास्तविक कारणों की पुष्टि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी। फिलहाल पुलिस मामले की विस्तृत जांच में जुटी है।