मुजफ्फरनगर। पूर्व केन्द्रीय मंत्री और गौतम बुद्ध नगर के सांसद डॉ.महेश शर्मा ने कहा कि एसआईआर से मतदाता सूची का शुद्धिकरण हो रहा है। उन्होंने कहा कि क्या जनता चाहेगी कि देश का सीएम और पीएम कोई बांग्लादेशी और म्यांमार का नागरिक तय करे। डॉ.महेश शर्मा शनिवार को भाजपा नेता पुनीत वशिष्ठ के के गांधी नगर स्थित आवास पर पहुंचे। बताया कि वह गौतमबुद्धनगर के प्रभारी मंत्री कुंवर बृजेश सिंह के पिता स्व. राजकुमार रावत की शौक सभा में शामिल होने के लिए जा रहे हैं। मतदाता सूची से नाम हटाए जाने के सवाल पर सांसद ने कहा कि इसे वोट कटना कहना गलत है, यह मतदाता सूची का शुद्धिकरण है। जिन व्यक्तियों की मृत्यु हो चुकी है या जो स्थायी रूप से अन्य स्थानों पर चले गए हैं। उनके नाम सूची से हटाए गए हैं। उन्होंने कहा कि क्या देश की जनता यह चाहेगी कि बांग्लादेशी या म्यांमार से आए विदेशी नागरिक, जो गलत तरीके से मतदाता सूची में नाम दर्ज करा लें। वे देश के विधायक, सांसद, मुख्यमंत्री या प्रधानमंत्री तय करें। यह प्रक्रिया पहले भी कई बार हो चुकी है और आगे भी होती रहेगी। राज्य मंत्री कपिल देव अग्रवाल, भाजपा जिला अध्यक्ष सुधीर सैनी, जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. वीरपाल निर्वाल, गौरव स्वरूप आदि शामिल रहे।