मीरापुर कुतुबपुर नहर झाल पर देर रात्रि हुई पुलिस मुठभेड़ में एक शातिर बदमाश पुलिस की गोली लगने से घायल हो गया, जबकि उसके भाई को भी गिरफ्तार कर लिया गया। घायल बदमाश पर दर्जनों आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस गुरुवार की देर रात्रि कुतुबपुर नहर झाल पर नियमित चैकिंग कर रही थी। इसी दौरान कुतुबपुर की ओर से बाइक पर आ रहे दो संदिग्धों को रुकने का इशारा किया गया, लेकिन वे भूम्मा चौकी की ओर भागने लगे। पुलिस ने पीछा किया तो बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश के पैर में गोली लगी और वह घायल हो गया। पुलिस ने दोनों को मौके पर दबोच लिया। पूछताछ में घायल बदमाश ने अपना नाम शाहनवाज पुत्र सरफराज निवासी जानसठ (तिलौरा) बताया, जिसका वर्तमान पता मेरठ के फलावदा में है। उसके भाई नोमान का पता खतौली (भूड) बताया गया। पुलिस ने बदमाशों से एक बाइक, तमंचा, कारतूस और चाकू बरामद किया। घायल शाहनवाज पर मीरापुर, पुरकाजी, कोतवाली, रामराज और मेरठ के फलावदा थाने में कुल 16 आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। वहीं, नोमान पर मेरठ के फलावदा थाने में 2 मुकदमे हैं। शाहनवाज थाने का हिस्ट्रीशीटर भी है। घायल बदमाश को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।