मुजफ्फरनगर जिला अस्पताल में वरिष्ठ सर्जन डॉ. चारू ढल पर दुर्व्यवहार का आरोप लगाते हुए पैरामेडिकल स्टाफ ने हड़ताल की घोषणा कर दी। स्टाफ नर्स और वार्ड बॉय धरना देकर सीएमएस कार्यालय के समक्ष बैठ गए। उन्होंने आरोपी चिकित्सक के विरुद्ध कार्रवाई की मांग को लेकर प्रदर्शन शुरू कर दिया। इस दौरान ओपीडी पहुंचे मरीजों को चिकित्सक न मिलने के कारण परेशानियों का सामना करना पड़ा। बृहस्पतिवार सुबह जिला अस्पताल में हंगामा हो गया। पैरामेडिकल स्टाफ ने एक चिकित्सक पर दुर्व्यवहार का आरोप लगाया। आरोप है कि डॉ. चारू ढल अक्सर कर्मचारियों के साथ अभद्र व्यवहार और अभद्र भाषा का प्रयोग करती है। पूर्व में भी कई बार उनके खिलाफ कर्मचारी लिखकर दे चुके हैं। आज फिर स्टाफ नर्स उपासना, शिखा और नेहा चौधरी के साथ अभद्र व्यवहार किया। जिससे कर्मचारियों में आक्रोश उत्पन्न हो गया। सभी ने कार्य बहिष्कार की घोषणा कर दी। सीएमएस ऑफिस के सामने जमीन पर धरना शुरू कर दिया। इस मौके पर फार्मासिस्ट हारून अली, अनिल सिंह, स्टाफ नर्स उपासना नेहा आदि शामिल रहे। ओपीडी और दवा खिड़की पर मरीज परेशान जिला अस्पताल में हड़ताल के कारण उपचार के लिए आने वाले मरीजों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। जिन मरीजों ने चिकित्सकों से परामर्श ले लिया था उन्हें दवा नहीं मिल रही। सुबह 10:00 के बाद ओपीडी आने वाले मरीजो का पंजीकरण भी बंद कर दिया गया। पैर में फ्रैक्चर के कारण ऑर्थोपेडिक सर्जन के पास पहुंची नूरजहां ने बताया कि वह ओपीडी में काफी देर से इंतजार कर रहे हैं। पंकज का कहना है कि उसने चिकित्सक को दिखा दिया था लेकिन दवा खिड़की बंद है।