कांवड़ यात्रा-2026 के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधाओं को लेकर डीएम उमेश मिश्रा और एसएसपी संजय कुमार वर्मा ने कांवड़ मार्ग का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने शिव चौक से मीनाक्षी चौक तक व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इसके बाद शिव चौक स्थित कंट्रोल रूम का भी निरीक्षण किया। कंट्रोल रूम में अधिकारियों ने सीसीटीवी कैमरों के जरिए की जा रही निगरानी की जानकारी ली। उन्होंने कांवड़ियों से संवाद कर उनकी कुशलक्षेम पूछी और रास्ते में मिल रही सुविधाओं के बारे में भी जानकारी ली। एसएसपी संजय कुमार वर्मा ने कहा कि शिवभक्तों की सुरक्षा और सुविधा पुलिस-प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। कांवड़ मार्ग पर पुलिस की ओर से कई शिविर लगाए गए हैं, जहां स्वच्छता, शुद्ध पेयजल, चिकित्सा और प्रकाश जैसी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। अधिकारियों ने ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों और कर्मचारियों को यातायात व्यवस्था सुचारु रखने के साथ भीड़ प्रबंधन पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान एसपी सिटी अमृत जैन और सिटी मजिस्ट्रेट पंकज प्रकाश राठौर भी मौजूद रहे।