मुजफ्फरनगर शाहपुर गांव पलड़ी में अमरूद तोड़ने को लेकर हुए विवाद को शांत कराने पहुंचे वाल्मीकि समाज के युवक के साथ दूसरे समुदाय के लोगों ने मारपीट की थी। इस प्रकरण में पुलिस की कार्यप्रणाली पर स्वामी यशवीर महाराज ने सवाल खड़ा किया है। उन्होंने आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर गिरफ्तारी न करने पर महा पंचायत करने की चेतावनी दी है। पलड़ी गांव में बृहस्पतिवार को दो पक्षों में विवाद हो रहा था। इसी दौरान पलड़ी निवासी वाल्मीकि युवक कमल वहां उनमें बीच बचाव कराने जा पहुंचा तो दूसरे समुदाय के लेागों ने उसके साथ मारपीट कर दी थी। महिलाओं ने पथराव किया था। इसकी वीडियो भी वायरल हुई है। पुलिस ने हमले के आरोपी दो महिलाओं व शौकीन, आरिफ, नसीम सहित एक दर्जन लोगों का शाति भंग की आशंका में चालान कर दिया था। आरोपियों के खिलाफ पुलिस की तरफ से केवल शांति भंग की आशंका में चालानी कार्रवाई किए जाने पर स्वामी यशवीर महाराज ने नाराजगी जताई है। उन्होंने कहा कि इस मामले में पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज न करते हुए उनकी मदद की है। अगर पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध एससी एसटी एक्ट व जानलेवा हमला करने की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर हमलावरों को गिरफ्तार न किया तो आरोपियों की बस्ती में महा पंचायत की जाएगी। सीओ बुढ़ाना गजेंद्र पाल सिंह ने कहा कि अमरूद तोड़ने को लेकर दो पक्षों में मारपीट हुई थी। घायलों को उपचार दिलाया गया। किसी भी पक्ष से तहरीर नही मिली । तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।