मुजफ्फरनगर शाहपुर थाना क्षेत्र में मुठभेड़ के दौरान पुलिस ने आठ बदमाशों को गिरफ्तार किया है जिनमें चार घायल हुए हैं पुलिस ने जेवर व हजारों रुपए की नगदी बरामद की है। इस गिरोह ने शाहपुर क्षेत्र सहित जनपद में डकैती की पांच घटनाओं को अंजाम दिया था। गिरफ्तार बदमाश शामली के विनोद गडरिया गिरोह के सदस्य हैं । मौके से कई बदमाश फरार हो गए थे। शाहपुर थाना पुलिस को सूचना मिली कि कुछ बदमाश थाना क्षेत्र के तावली लच्छेडा मार्ग पर डकैती की घटना को अंजाम देने की योजना बना रहे है। तब शाहपुर, थाना मंसूरपुर व एसओजी टीम मौके पर पहुंची और बदमाशों को घेर लिया । बदमाशों ने घिरा देखकर पुलिस पर फायरिंग कर दी जिसके जवाब में पुलिस ने भी फायरिंग की । पुलिस ने बताया कि मुठभेड़ में चार बदमाश सादवान निवासी गांव पिनना थाना कोतवाली , मोहित कश्यप उर्फ सोनू निवासी गांव भभीसा थाना कांधला , मुंतयाज निवासी गांव बसायच थाना जानसठ , देवेंद्र निवासी गांव चौबली थाना छपरौली बागपत घायल हो गए । घायल बदमाशों के अलावा चार अन्य बदमाशों ताहिर निवासी बवाना थाना बुढ़ाना , संदीप निवासी गांव शिकारपुर थाना भौराकला , बंटी निवासी गांव बिलासपुर थाना नई मंडी व रोहित निवासी बेहड़ा सादात थाना ककरोली को गिरफ्तार किया है । गिरफ्तार बदमाशों ने शाहपुर थाना क्षेत्र के गांव आदमपुर में 19 नवंबर की रात्रि में राजाराम पाल के यहां डकैती डाली थी । इन बदमाशों ने जनपद में पांच डकैती की घटनाओं को अंजाम दिया था । पुलिस ने बताया कि बदमाशों के पास से डकैती में लूटा गया सामान, एक गाड़ी भी बरामद की है । पुलिस गिरफ्तार बदमाशों के आपराधिक इतिहास के बारे में जानकारी जुटा रही है ।