मुजफ्फरनगर। औषधि प्रशासन विभाग की टीम ने जिला परिषद मार्केट में तीन मेडिकल एजेंसियों पर जांच कर दवाईयों के पांच सैंपल लिए। सैंपलों को परीक्षण के लिए भेजा गया है। अधिकारियों ने मेडिकल एजेंसियों का स्टॉक रजिस्टर, दवाइयों की सप्लाई आदि चेक की।औषधि प्रशासन विभाग की टीम ने जिला परिषद मार्केट में तीन मेडिकल एजेंसियों पर जाकर जांच की। जिला औषधि निरीक्षक पवन कुमार शाक्य ने बताया कि टीम की ओर से जिला परिषद मार्केट के क्वालिटी मेडिसिन कंपनी, जगदीश मेडिसिन कंपनी और आनंद मेडिकल एजेंसी पर जाकर जांच की गई। जांच के दौरान तीनों एजेंसियों के स्टॉक रजिस्टर से दवाइयों का मिलान किया गया। अलग-अलग समय की गई दवाइयों की बिक्री का भी रिकार्ड खंगाला गया। उन्होंने बताया कि जांच टीम में उन सहित मेरठ के औषधि निरीक्षक पियूष कुमार, बुलंदशहर के औषधि निरीक्षक अनिल आनंद शामिल रहे।