मुजफ्फरनगर शहर कोतवाली पुलिस ने दो आरोपियों को हरियाणा से चोरी की बोलेराे पिकअप गाड़ी बरामद करते हुए गिरफ्तार किया । दोनों आरोपी गाड़ी को बेचने के लिए लेकर शामली जा रहे थे। चुंगी नंबर दो की तरफ शुक्रवार रात में शहर कोतवाली पुलिस चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान बागपत के थाना दोघट की भोजनपटटी निवासी आकाश व उसके साथी मेरठ जिले के गांव जसौठा निवासी सरताज उर्फ सरफराज को गिरफ्तार किया गया। दोनों ने पूछताछ में बताया कि हरियाणा प्रदेश के सोनीपत जिले के थाना कुंडली से चार दिन पहले गाड़ी चोरी की थी। वह मेरठ से आकर यहां से होते हुए शामली में गाड़ी को बेचने के लिए जा रहे थे। तलाशी में उनसे एक तमंचा व चाकू बरामद हुआ। सीओ सिटी राजू कुमार साव ने बताया कि सरताज के खिलाफ पांच व आकाश के खिलाफ बागपत, हरियाणा, हापुड आदि जनपदों में 15 मुकदमे दर्ज है। मुकदमा दर्ज कर आरोपियों का चालान कर दिया गया।