फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

इंपीरियल तिराहे पर फिर रुका फुट ओवरब्रिज का काम, छह महीने में भी नहीं हो सका पुल का निर्माण

विमल शर्मा Updated Wed, 12 Nov 2025 07:19 PM IST

जाम और सड़क दुर्घटनाओं से राहत दिलाने के उद्देश्य से मई माह में शुरू हुआ फुट ओवरब्रिज (एफओबी) का निर्माण कार्य एक बार फिर ठप पड़ गया है। इंपीरियल तिराहे पर शुरू किए गए इस ओवरब्रिज को दो महीने में तैयार करने का दावा किया गया था लेकिन छह महीने बीत जाने के बावजूद अभी तक पुल का काम पूरा नहीं हो पाया है। पुल की संरचना लगभग आधी खड़ी हो गई है लेकिन इसके बावजूद लगातार ढिलाई बरती जा रही है। स्थानीय लोगों के अनुसार पिछले पांच से छह दिनों में किसी प्रकार की प्रगति नहीं हुई। पुल का स्टील स्ट्रक्चर अधूरा है और मुख्य पिलर कनेक्शन का काम भी अभी लंबित है। स्मार्ट सिटी की बोर्ड बैठक में स्टेशन रोड, गागन तिराहा और हरथला पर फुट ओवरब्रिज बनाने का निर्णय लिया गया था। उसी के तहत मई के दूसरे सप्ताह में इंपीरियल तिराहे पर कार्य शुरू किया गया। शुरुआत तेज हुई लेकिन कांवड़ यात्रा के दौरान जून-जुलाई में काम पूरी तरह रोक दिया गया। इसके बाद जुलाई-अगस्त में मानसून की वजह से काम बंद रहा। सितंबर में कार्य को थोड़ी गति मिली लेकिन अब फिर से कार्य धीमी गति से आगे बढ़ रहा है। स्थानीय दुकानदारों का कहना है कि पिछले सप्ताह से मजदूर साइट से गायब हैं। इंपीरियल तिराहे पर स्टेशन, बुध बाजार और रोडवेज आने-जाने वाले लोग सड़क पार करते हैं। सड़क पार करते समय दोनों ओर से वाहनों का दबाव अधिक होता है। इससे जाम भी लगता है और कई बार छोटी-सी चूक दुर्घटना में बदल जाती है। तिराहे पर कपड़े बेचने का फड़ लगाने वाले सर्वेश गुप्ता का कहना है कि इस पुल को जल्दी बनाया जाना चाहिए था ताकि लोग आसानी से सड़क पार कर सकें। खासतौर पर महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों को पुल पार करने में काफी परेशानी होती है। पुल के निर्माण में लगातार ढिलाई बरती जा रही है। वहीं एक अन्य दुकानदार परशुराम ने कहा कि ठेकेदार से हर दिन की कार्य प्रगति का हिसाब लिया जाना चाहिए। क्योंकि देरी का मतलब केवल निर्माण में देर नहीं बल्कि रोज सड़क पार करने वाले लोगों की जान जोखिम में पड़ना है।

Latest

विज्ञापन

Recommended

विज्ञापन
Next
एप में पढ़ें