नीट यूजी पुनर्परीक्षा के दौरान गलत परीक्षा केंद्र पहुंचने के कारण संभल के दो अभ्यर्थी परीक्षा से वंचित रह गए। दोनों छात्रों का केंद्र मुरादाबाद स्थित आरएन इंटर कॉलेज में निर्धारित था, लेकिन उन्होंने गूगल मैप पर आरएन इंटर कॉलेज की जगह आर्यंस इंटरनेशनल स्कूल, बुद्धि विहार का नाम खोज लिया और वहीं पहुंच गए। गलती का अहसास होने पर दोनों छात्र आरएन इंटर कॉलेज पहुंचे, लेकिन निर्धारित समय बीत जाने के कारण उन्हें केंद्र में प्रवेश नहीं मिल सका। एडीएम सिटी ने बताया कि गूगल मैप पर आरएन इंटर कॉलेज की सही लोकेशन उपलब्ध थी। अभ्यर्थियों ने प्रवेश पत्र पर अंकित केंद्र का नाम ध्यान से नहीं देखा, जिससे भ्रम की स्थिति उत्पन्न हुई और उनकी परीक्षा छूट गई।