सर्किट हाउस में हुई डिस्ट्रिक्ट रिव्यू एंड इंस्पेक्शन फॉर सस्टेनेबल ट्रैकिंग एंड इम्प्लीमेंटेशन (दृष्टि) बैठक पर माननीयों की दृष्टि नहीं पड़ी। बुलाए गए 11 जनप्रतिनिधियों में से सिर्फ एक ही बैठक में पहुंचे। सत्ता पक्ष का कोई विधायक और एमएलसी बैठक में शामिल नहीं हुआ। हालांकि माननीयों ने बैठक में शामिल न होने की वजह शहर से बाहर होना बताया। एमएलसी डाॅ. जयपाल सिंह व्यस्त की अध्यक्षता में मंगलवार को सर्किट हाउस में दृष्टि की बैठक बुलाई गई थी। इसके लिए जिला पंचायत अध्यक्ष और मेयर समेत सभी विधायकों और एमएलसी को आमंत्रित किया गया था। इसके अलावा सभी ब्लाॅक प्रमुखों और जिला पंचायत सदस्यों को बुलाया गया था। सुबह 11 बजे शुरू हुई इस बैठक में माननीयों के ताैर पर सिर्फ ठाकुरद्वारा से सपा विधायक नवाब जान ही पहुंचे। सपा के बाकी तीन विधायक बैठक में शामिल नहीं हुए। वहीं भाजपा का कोई विधायक और एमएलसी बैठक में नहीं पहुंचा। जिला पंचायत अध्यक्ष और महापाैर भी बैैठक में नहीं नजर आए। भाजपा एमएलसी डाॅ. व्यस्त की अध्यक्षता वाली इस बैठक में पार्टी के ही जनप्रतिनिधियों का शामिल न होना चर्चा का विषय बन गया। कुंदरकी विधायक की जगह उनके प्रतिनिधि बैठक में शामिल हुए। जबकि ब्लाॅक प्रमुख के ताैर पर सदर और मूंढापांडे के प्रमुख दिखाई दिए।