अमर उजाला के मेधावी सम्मान समारोह में शिक्षा और खेल के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया। पूरे सभागार में गर्व और खुशी का माहौल नजर आया। समारोह में मुख्य अतिथि झारखंड के राज्यपाल संतोष गंगवार ने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ कर मेधावियों व खिलाड़ियों को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कहा कि यह सम्मान केवल एक उपलब्धि नहीं बल्कि आने वाले भविष्य की मजबूत नींव है। अमर उजाला परिवार ने प्रतिभाशाली छात्रों को एक मंच देकर सराहनीय पहल की है। यह कार्यक्रम न केवल सम्मानित होने वाले विद्यार्थियों के लिए बल्कि उन युवाओं के लिए भी प्रेरणा है जिन्हें अभी तक ऐसा अवसर नहीं मिला। उन्होंने छात्रों से निरंतर मेहनत करने और अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने का आह्वान किया।