मौनी अमावस्या पर रविवार को विंध्य दरबार में दर्शन पूजन के लिए आस्थावानों का तांता लगा रहा। आस्था धाम स्थित विभिन्न गंगा घाटों पर डुबकी लगाने के बाद मंदिर पहुंचे श्रद्धालुओं ने श्रद्धा भाव से मां विंध्यवासिनी के भव्य स्वरुप का दर्शन पूजन कर सुख और समृद्धि की कामना की। रविवार को तड़के मंगला आरती के बाद से ही मंदिर में दर्शनार्थियों के आने का सिलसिला शुरू रहा। नारियल, चुनरी, माला-फूल और प्रसाद लिए श्रद्धालु मंदिर पहुंचे। जहां मां विंध्यवासिनी के दिव्य स्वरूप का दर्शन कर भाव विभोर हो उठे। मंदिर पहुंचने के बाद किसी ने झांकी तो किसी ने गर्भगृह में पहुंचकर माता की एक झलक प्राप्त की। मां विंध्यवासिनी का दर्शन पूजन करने के बाद मंदिर परिसर में विराजमान समस्त देवी देवताओं के मंदिरों में जाकर शीश नवाया। गुंबद सहित हवन कुंड का परिक्रमा भी की। काली खोह व अष्टभुजा मंदिर में भी दर्शन पूजन का दौर जारी रहा।