चैत्र नवरात्र के दूसरे दिन बुधवार को भी विंध्य दरबार में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी और भोर से ही हजारों भक्तों द्वारा दर्शन-पूजन का सिलसिला जारी रहा। देश के कोने-कोने से पहुंचे भक्तों ने श्रद्धाभाव से मत्था टेका। घंटा-घड़ियाल, शंख और जयकारे से पूरा मंदिर परिसर देवीमय हो गया। परिक्रमा पथ की छत पर साधकों के मंत्रोच्चार के साथ पूजन-पाठ, अनुष्ठान, शहनाई और नगाड़े के बीच मुंडन संस्कार होता रहा। मंगला आरती के बाद मां विंध्यवासिनी के भव्य शृंगार का दर्शन पाकर श्रद्धालु भाव विह्वल हो उठे।